गोरखपुर
अज्ञात वाहन ने ली बाइक सवार की जान
सड़क किनारे तड़पता रहा युवक; सुबह मिली लाश, दो मासूम हुए अनाथ
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर मोड़ पर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल युवक पूरी रात सड़क किनारे तड़पता रहा। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर पड़ी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बबलू यादव (40 वर्ष) पुत्र रामआशीष यादव, निवासी पायलपार नैनीडीह के रूप में हुई है। बबलू यादव वर्तमान में खलीलाबाद में रहकर रोज़गार करते थे और शुक्रवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह परमेश्वरपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बबलू यादव सड़क से उछलकर किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। रात अधिक होने और सड़क पर आवागमन कम होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। घायल अवस्था में वह पूरी रात मदद की आस में पड़े रहे, लेकिन समय पर इलाज न मिलने से उनकी जान चली गई।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची हरपुर बुदहट पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों—पवन (8 वर्ष) और परिधि (10 वर्ष) को छोड़ गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है, साथ ही सड़क सुरक्षा और रात्रि गश्त व्यवस्था की पोल भी खोलता है।
