Connect with us

चन्दौली

अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवक घायल

Published

on

चंदौली। जिले के कमालपुर क्षेत्र में बजाज एजेंसी के समीप एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कमालपुर चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

रैथा गांव निवासी रवि यादव (25) पुत्र शंभू यादव, अमन यादव पुत्र जयप्रकाश यादव और प्रिंस यादव पुत्र गोपाल यादव (निवासी ग्राम कवई पहाड़पुर, थाना धानापुर) बाइक से कमालपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा की तरफ से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने आमने-सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। किसी ने तुरंत सहायता नहीं की, जिससे घायल सड़क पर ही तड़पते रहे। बाद में किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page