गोरखपुर
अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से दिव्यांग सफाईकर्मी घायल
गोलाबाजार (गोरखपुर )। उपनगर गोला के बेवरी चौराहा के आगे स्थित बीएसएनएल टावर के पास एक अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से एक दिव्यांग सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 15 परनई निवासी श्रीकृष्ण (38) पुत्र स्व. सीताराम, गगहा विकास खंड के बड़ैला में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में वे पड़ौली क्षेत्र में बीएलओ के रूप में कार्यरत थे। श्रीकृष्ण एक पैर से दिव्यांग हैं। शुक्रवार को बीएलओ का कार्य संपन्न कर वे दोपहिया वाहन से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12:45 बजे जैसे ही वे बेवरी चौराहा के आगे बीएसएनएल टावर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका पैर डिवाइडर में फंस गया और गंभीर रूप से टूट गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर लाकर एम्बुलेंस को सूचना दी तथा परिजनों को भी अवगत कराया। एम्बुलेंस से उन्हें तत्काल सीएचसी गोला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने दुर्घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी है और अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद नियम विपरीत बन रहे डिवाइडर और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश है।
