मिर्ज़ापुर
अंबेडकर जयंती पर नगर पालिका ने घाट पर जलाये दीप

मिर्जापुर। भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में मिर्जापुर नगर पालिका परिषद द्वारा विंध्याचल के पक्के घाट पर भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे घाट को दीपों से सजाया गया, जिससे वहां दीपावली जैसी मनोहारी छटा बिखर गई। नगर पालिका कर्मचारियों ने समर्पित भाव से घाट की सजावट कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) जी. लाल, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद यादव समेत कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। पक्के घाट पर प्रतिदिन विंध्य विकास परिषद द्वारा मां गंगा की आरती का आयोजन किया जाता है। इस विशेष अवसर पर भी सभी ने सामूहिक रूप से मां गंगा की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

अधिशासी अधिकारी जी. लाल ने अपने संबोधन में बताया कि शासन के निर्देशानुसार “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” अभियान के तहत बाबा साहब की जयंती को 15 दिवसीय उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका द्वारा पक्के घाट पर दीप प्रज्वलन कर डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में सी.एस.आई. मनोज सेठ, राकेश गुप्ता, आनंद कसेरा, अमन जायसवाल, विकास मिश्रा, संदीप गुप्ता, शुभम मोदनवाल, विनय, रामजस, संतोष, जयप्रकाश, अंगद, तनिष्क गुप्ता सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं नगर पालिका कर्मी उपस्थित रहे।
डॉ. अंबेडकर की विचारधारा और उनके योगदान को स्मरण करते हुए यह आयोजन सामाजिक समरसता, समर्पण और संवैधानिक मूल्यों की प्रति निष्ठा का प्रतीक बन गया। आयोजकों द्वारा सभी को संविधान के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक समानता के सिद्धांतों को अपनाने का संदेश भी दिया गया।