वाराणसी
अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को नए अनुपात से मिलेगा खाद्यान्न
वाराणसी। फरवरी माह में उत्तर प्रदेश की कोटे की दुकानों से होने वाले राशन वितरण में बदलाव किया गया है। इस माह कार्डधारकों को गेहूं की मात्रा पहले की तुलना में कम और चावल अधिक मिलेगा। खाद्य आयुक्त के निर्देश पर शासन ने अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को दिए जाने वाले खाद्यान्न के अनुपात में संशोधन किया है, जिसके अनुसार फरवरी का वितरण किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को कुल 35 किलो खाद्यान्न पूर्ववत मिलेगा, लेकिन इसमें गेहूं और चावल का अनुपात बदल दिया गया है। पहले जहां 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल दिया जाता था, वहीं अब फरवरी माह में 10 किलो गेहूं और 25 किलो चावल वितरित किया जाएगा। इस प्रकार गेहूं की मात्रा में चार किलो की कटौती कर उतनी ही मात्रा में चावल बढ़ाया गया है।
इसी तरह पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट मिलने वाले पांच किलो खाद्यान्न में भी संशोधन किया गया है। अब तक दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल दिया जाता था, जबकि फरवरी में एक किलो गेहूं और चार किलो चावल मिलेगा। इस बदलाव के बाद सभी श्रेणियों के कार्डधारकों को इस माह गेहूं कम और चावल अधिक प्राप्त होगा।
खाद्य विभाग के अनुसार फरवरी के वितरण के लिए निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल की आपूर्ति लगभग सभी कोटे की दुकानों तक पहुंच चुकी है और वितरण इसी अनुपात में किया जाना है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन से जितना खाद्यान्न आवंटित हुआ है, उसी के अनुरूप वितरण करना अनिवार्य है।
वहीं गेहूं की मात्रा घटने से क्षेत्र के कोटेदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कोटेदारों का कहना है कि अधिकांश कार्डधारक गेहूं की मांग करते हैं, जबकि चावल की मात्रा अधिक होने पर वितरण के समय लोगों को समझाने में परेशानी हो सकती है। उनका यह भी कहना है कि यदि केवल चावल ही दिया जाता, तो वितरण अपेक्षाकृत आसान रहता।
फिलहाल खाद्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि फरवरी माह में राशन वितरण शासन द्वारा तय की गई नई व्यवस्था के अनुसार ही किया जाएगा, क्योंकि उसी अनुपात में खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है।
