राज्य-राजधानी
एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत आठ ढेर

झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा यूनिट और झारखंड पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में आठ नक्सली मारे गए, जिनमें एक करोड़ रुपये का इनामी व वांछित नक्सली कमांडर विवेक उर्फ प्रयाग मांझी भी शामिल है।
इस मुठभेड़ से जुड़ी जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने साझा की। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। भारी गोलाबारी के बाद सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को ढेर कर दिया।
सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन को शहीद जवान के बलिदान का बदला बताया है। कोबरा कमांडो की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह ऑपरेशन CRPF और झारखंड पुलिस के तालमेल का स्पष्ट उदाहरण है कि कैसे सटीक खुफिया जानकारी और रणनीतिक योजना से नक्सलियों पर करारा वार किया जा सकता है।