वाराणसी
Varanasi Airport : रनवे अपग्रेड के लिए रात में उड़ानों पर एक साल तक रोक
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के रनवे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए बड़े पैमाने पर तकनीकी कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके चलते सोमवार रात 11:30 बजे से प्रतिदिन आठ घंटे तक विमान संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। यह व्यवस्था लगभग एक वर्ष तक लागू रहेगी। अधिकारियों के अनुसार एक माह बाद कार्य में तेजी लाने के लिए इस अवधि में समय बढ़ाया भी जा सकता है।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक रनवे के स्ट्रेंथनिंग और एक्सटेंशन का कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना के तहत रनवे की लोड बियरिंग क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे भविष्य में वाइड बॉडी और भारी श्रेणी के विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगी। इसके साथ ही रनवे की सतह को मजबूत किया जाएगा, एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम का आधुनिकीकरण किया जाएगा, कैट वन इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को अपग्रेड कर कैट थ्री बनाया जाएगा तथा टैक्सीवे और रनवे मार्किंग का नवीनीकरण भी किया जाएगा।
इन सभी कार्यों का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन समय और कम दृश्यता की स्थिति में उड़ानों की सुरक्षा, क्षमता और परिचालन विश्वसनीयता को बेहतर बनाना है। इस दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली से वाराणसी आने वाली एक उड़ान को री-शेड्यूल कर सुबह 6:05 बजे के बजाय 6:45 बजे कर दिया गया है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे से जुड़े महत्वपूर्ण संरचनात्मक और अत्याधुनिक तकनीकी कार्य प्रस्तावित हैं। इन्हें सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए रात 11:30 बजे से सुबह तक उड़ान संचालन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और एयरपोर्ट के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
