खेल
MI vs DC : प्लेऑफ में पहुंची मुंबई, दिल्ली की उम्मीदों पर फेरा पानी

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रन से मात देकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने मुंबई को विजय दिलाई।
सूर्यकुमार यादव चमके, मिचेल-संतनर और बुमराह ने मचाया कोहराम
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 180 रन बनाए। सूर्या ने 43 गेंदों में नाबाद 73 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में नमन धीर (24 नाबाद, 8 गेंद) के साथ मिलकर उन्होंने सिर्फ 21 गेंद में 57 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम 121 रन पर सिमट गई। मिचेल सेंटनर और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट झटके। दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा और विल जैक्स को भी 1-1 विकेट मिला।
दिल्ली की शुरुआत से ही बिगड़ी कहानी
181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान फाफ डु प्लेसिस (6 रन) दीपक चाहर की गेंद पर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल भी 11 रन बनाकर बोल्ट का शिकार बने। बीच-बीच में समीर रिजवी (39), विपराज निगम (20) और आशुतोष शर्मा (18) ने संघर्ष किया, लेकिन मैच में जान नहीं डाल सके।
वानखेड़े की पिच पर स्पिन का बोलबाला, लेकिन सूर्या थे बेजोड़
स्पिनरों के लिए मददगार इस पिच पर दिल्ली के गेंदबाजों को टर्न जरूर मिला, लेकिन सूर्यकुमार की बल्लेबाजी ने सब पर पानी फेर दिया। उन्होंने कुलदीप यादव (1/25) और विपराज निगम (0/25) को बेअसर साबित कर दिया। अंतिम दो ओवरों में सूर्या-नमन की जोड़ी ने 5 छक्के और 4 चौके लगाकर 48 रन बटोरे।
एक गलती, बड़ा खामियाजा
दिल्ली ने सूर्या को 6 रन पर जीवनदान दिया। कुलदीप यादव की गेंद पर मुकेश कुमार कैच नहीं पकड़ सके और उसके बाद सूर्यकुमार ने जो कहर बरपाया, उसने मैच का रुख ही बदल दिया। मुंबई इंडियंस अब 11वीं बार आईपीएल प्लेऑफ में पहुंच चुकी है, वहीं दिल्ली कैपिटल्स एक बार फिर ट्रॉफी से दूर रह गई।
अब टॉप-2 की जंग
मुंबई की नजरें अब टॉप-2 पोजिशन पर हैं, जिससे उसे क्वालीफायर-1 में मौका मिल सके। अगला मुकाबला मुंबई और दिल्ली दोनों के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ होना है, जो लीग चरण का आखिरी मैच होगा।