वाराणसी
Indian Railways: दीपावली और छठ से दो महीने पहले ही ट्रेनों में सीटें फुल, फ्लाइट किराया हुआ दोगुना
वाराणसी। दशहरा, दीपावली और छठ के त्योहारों के लिए दो महीने का समय बचा है, लेकिन रेलवे यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। 20 अगस्त को अक्टूबर तक के लिए टिकट बुकिंग शुरू होते ही दिल्ली से पूर्वांचल के जिलों और बिहार तक की ट्रेनों में सीटें मिनटों में भर गईं।
ज्यादातर ट्रेनें सेकंड एसी, थर्ड एसी और फर्स्ट एसी में फुल हो गई हैं, जबकि स्लीपर क्लास में लंबी वेटिंग देखने को मिल रही है। रेलवे की ओर से 60 दिन पहले रिजर्वेशन विंडो खोल दी जाती है। इस बार दीपावली 20 अक्टूबर, सोमवार को है।
त्योहारों पर दूसरे शहरों में काम करने वाले लाखों लोग घर लौटते हैं। इसी कारण दिल्ली से बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। रेलवे हर साल इस समय स्पेशल ट्रेनें चलाता है और प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाते हैं।
नई दिल्ली–राजेंद्र नगर टर्मिनल, तेजस राजधानी एक्सप्रेस में सेकंड, थर्ड और फर्स्ट एसी बुकिंग फुल है। नई दिल्ली–डिब्रूगढ़, राजधानी एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस में भी बुकिंग क्लोज है। नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट और पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग जारी है।
अब ट्रेन में कुल सीटों का केवल 25 प्रतिशत तक ही वेटिंग टिकट जारी किया जा रहा है, जिससे टिकट जल्दी फुल हो जाती है। पहले यह सीमा 50 प्रतिशत थी। बदलाव के बाद करीब 75 प्रतिशत वेटिंग टिकट कंफर्म हो जाती हैं।
