गाजीपुर
IGRS निस्तारण में गाजीपुर पुलिस अव्वल, एसपी डॉ. ईरज राजा की मॉनिटरिंग का असर
गाजीपुर (जयदेश)। उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में गाजीपुर पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। विगत माह फरवरी की रैंकिंग में जनपद गाजीपुर को यह उपलब्धि मिली है। इसके साथ ही जिले के 27 थानों में से 25 थानों को भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गाजीपुर पुलिस द्वारा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। इसके परिणामस्वरूप फरवरी माह की रैंकिंग में जनपद गाजीपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का मूल्यांकन मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में गाजीपुर पुलिस की कार्यवाही 100 प्रतिशत पाई गई और जनपद को प्रथम रैंक प्राप्त हुई।

इसी क्रम में जिले के 27 थानों में से 25 थानों को भी पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निरंतर निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है। इसके बाद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा प्राप्त संदर्भों की जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आख्या ऑनलाइन भेजी जाती है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि आवेदक पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इसके लिए पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल में नियुक्त कर्मचारी आवेदकों से फीडबैक भी लेते हैं, जिससे जांच और पुलिस कार्रवाई की गुणवत्ता बनी रहती है।
