Connect with us

मिर्ज़ापुर

DM ने कलेक्ट्रेट कर्मचारियों और विकास अधिकारियों संग की बैठक

Published

on

पारदर्शिता व गुणवत्ता युक्त कार्यों पर दिया जोर

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के बाद सभागार में कलेक्ट्रेट कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक पटल के कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और कहा कि कलेक्ट्रेट सेवाभाव का कार्यालय है, जहां जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण होना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि न्यायालय से संबंधित किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए और दूर-दराज से आने वाले लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए।

साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी दबाव में गलत रिपोर्ट न लगाई जाए और गलत पाए जाने पर जनता को कारण स्पष्ट रूप से बताया जाए।बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी समेत सभी कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय प्रगति की समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी ने मनरेगा, एनआरएलएम, पंचायती राज, सिंचाई विभाग समेत कई योजनाओं के तहत हुए कार्यों की प्रस्तुति दी।

Advertisement

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित रैंकिंग के अनुसार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सी और डी श्रेणी में प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताई और अगले माह तक सुधार लाने के निर्देश दिए। गौशालाओं की समीक्षा में उन्होंने जलभराव व कीचड़ की समस्या से बचाव, भूसा, हरे चारे व चोकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति बनाए रखने पर बल दिया गया। उन्होंने प्रत्येक पीएचसी और सीएचसी से मानक अनुसार दवाओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

स्वच्छ भारत मिशन व संचारी रोग अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान अगले तीन महीने तक सर्दी आने तक लगातार जारी रहे।

एक करोड़ से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा में उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जो सामग्री DPR में दर्शाई गई है, वही इस्तेमाल हो, गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं चलेगा। कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।बैठक में विकास से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जिलाधिकारी ने सभी को माई विंध्यवासिनी धाम क्षेत्र में कार्य करने को सौभाग्य बताते हुए उसे पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page