शिक्षा
BHU : कैट -2025 के आधार पर मिलेगा MBA में प्रवेश, जीडी-इंटरव्यू से होगा अंतिम चयन
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीए और एमबीए-आईबी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को 31 जनवरी तक पंजीकरण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में कुल मिलाकर करीब 120 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
प्रबंधन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केवल सीएटी-2025 के स्कोर को ही आधार बनाया जाएगा। पंजीकरण कराने के बाद अभ्यर्थियों के लिए सीएटी-2025 परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा। स्नातक स्तर पर सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
अंतिम चयन सीएटी स्कोर के साथ ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। प्रबंधन संस्थान ने अभ्यर्थियों को यह भी स्पष्ट किया है कि पंजीकरण के दौरान जन्मतिथि, लिंग और श्रेणी सहित जो जानकारी दी जाए, वह सीएटी आवेदन में दर्ज विवरण से पूरी तरह मेल खानी चाहिए।
पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी पहले से तैयार रखने को कहा गया है। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र व प्रमाणपत्र, स्नातक के सभी सेमेस्टर के अंकपत्र, सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने का कन्वर्जन सर्टिफिकेट शामिल है। वहीं स्नातक के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्रों को अपने संस्थान प्रमुख से प्राप्त ‘बोनाफाइड सर्टिफिकेट’ भी प्रस्तुत करना होगा।
पंजीकरण शुल्क सामान्य व ओबीसी वर्ग के लिए 2000 रुपये तथा एससी व एसटी वर्ग के छात्रों के लिए 1000 रुपये तय किया गया है।
