Connect with us

राज्य-राजधानी

Air India : मुंबई आ रही फ्लाइट की कोलकाता में लैंडिंग, इंजन में आयी खराबी

Published

on

कोलकाता। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI180 में तकनीकी खराबी आने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों को आपात रूप से विमान से उतारा गया। यह घटना मंगलवार तड़के उस वक्त घटी जब फ्लाइट निर्धारित समय पर कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंची थी।

रात करीब 12:45 बजे एयर इंडिया की यह फ्लाइट कोलकाता पहुंची थी, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण विमान को आगे मुंबई रवाना नहीं किया जा सका। फ्लाइट के कप्तान ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह लगभग 5:20 बजे सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकलने का निर्देश दिया।

घटना के बाद एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया कि यह कदम पूर्णतः एहतियातन और सुरक्षा मानकों के तहत उठाया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से डिबोर्ड किया गया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

Advertisement

इससे पहले सोमवार को एयर इंडिया की एक और फ्लाइट AI315, जो दिल्ली के लिए हॉन्गकॉन्ग से उड़ान भर रही थी, उसे भी उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के चलते हॉन्गकॉन्ग एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। वहीं, रविवार को ब्रिटिश एयरवेज की चेन्नई जाने वाली फ्लाइट को भी तकनीकी खामी के चलते लंदन लौटाया गया था।

हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद एयरलाइंस कंपनियां किसी भी तकनीकी गड़बड़ी को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa