वायरल
हिंदू और बौद्ध एक ही वटवृक्ष की शाखाएं : योगी आदित्यनाथ
बौद्ध महाकुंभ यात्रा का शुभारंभ, पुष्प वर्षा कर दिया एकता का संदेश
महाकुंभ नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज में बौद्ध महाकुंभ यात्रा का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंदू और बौद्ध धर्म एक ही वटवृक्ष की शाखाएं हैं, यदि ये एक मंच पर आ जाएं तो दुनिया का सबसे सशक्त वटवृक्ष बनेंगे, जो सभी को छांव और सुरक्षा प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बौद्ध संतों और विद्वानों पर पुष्प वर्षा कर पूरी दुनिया को एकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध ने पूरी दुनिया को करुणा और मैत्री का संदेश दिया। जब तक भारत रहेगा, भगवान बुद्ध का यह संदेश भी अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत को बांटने का षड्यंत्र कर रहे हैं, लेकिन ऐसे आयोजनों से उनकी साजिशें नाकाम होंगी और भारत विरोधी तत्वों की नींद हराम होगी। सत्य को कोई झुठला नहीं सकता, भगवान बुद्ध ने भी कहा था कि सत्य की अनुभूति होती है, इसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। आज लाखों श्रद्धालु इस अनुभूति के साक्षी बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ केवल आध्यात्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एकता का सबसे बड़ा संदेशवाहक है। दुनिया को यह दिख चुका है कि भारत किस तरह करोड़ों श्रद्धालुओं को एक सूत्र में पिरोकर एकता का परिचय दे रहा है। 38 करोड़ श्रद्धालुओं की सहभागिता ने भारत की शक्ति का अहसास करा दिया है, जिससे भारत विरोधी ताकतें बेचैन हो चुकी हैं। यह आयोजन आत्म साक्षात्कार का माध्यम भी है, जो गांव-गांव और घर-घर तक भारत की एकता और अखंडता का संदेश पहुंचाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इंद्रेश जी सहित कई बौद्ध धर्मगुरु उपस्थित रहे।