राज्य-राजधानी
बाजार में बिक रहा जहरीला आलू, लिवर-किडनी डैमेज होने का खतरा
प्रति किलो आलू पर 20 रुपये का फायदा कमा रहे मुनाफाखोर
रांची। अगर आप नया आलू खरीदने जा रहे हैं तो सावधान रहें। रांची के बाजारों में नए आलू के नाम पर जहरीले आलू बेचे जा रहे हैं, जिनकी कीमत लगभग 50 रुपये प्रति किलो है। मुनाफाखोर इस आलू को बेचकर प्रति किलो करीब 20 रुपये का फायदा कमा रहे हैं। दरअसल, लोगों को छिलका हटा हुआ आलू देखकर यह लगता है कि यह ताजा आलू है और वे इसे महंगे दामों पर खरीद लेते हैं। लेकिन असलियत में यह पुराने आलू होते हैं, जिनका छिलका केमिकल में डालकर हटाया जाता है और उन्हें नया बताकर बेचा जाता है।
ये आलू दो दिन में ही सड़ने लगते हैं और उनका रंग बदलने लगता है। डॉक्टरों के अनुसार, केमिकल युक्त यह आलू स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। इसे तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले रसायन से किडनी और लीवर को गंभीर नुकसान पहुंचने की संभावना होती है।
12 घंटे पानी में रखते हैं पुराना आलू
पुराने आलू को नया दिखाने के लिए पहले अमोनिया को पानी में मिलाया जाता है और फिर उसमें आलू डाले जाता है। जहां उन्हें 12 घंटे तक रखा जाता है। इस प्रक्रिया से आलू के छिलके पतले हो जाते हैं। केमिकल से मिश्रित आलू को निकालकर फिर लाल मिट्टी से रगड़कर साफ किया जाता है, जिससे छिलके ढीले होकर मिट्टी चिपक जाती है। इससे आलू की सतह नयी जैसी लगती है, जिससे लोग यह सोचकर भ्रमित हो जाते हैं कि यह ताजा आलू है और धोखे में आकर इसे खरीद रहे हैं।
तो वहीं इस मामले में नागाबाबा खटाल में आलू-प्याज के थोक विक्रेता धर्मेंद्र साहू ने कहा- अभी बाजार में नया आलू आया ही नहीं है। जिसे नया आलू बताकर बेचा जा रहा है, वह केमिकल युक्त है। केमिकल से छिलका हटाकर 30 रुपए किलो वाला आलू 50 रुपए में बेच रहे हैं। पुराने दुकानदार यह आलू नहीं बेचते। यह ज्यादातर उन्हीं के पास मिलता हे, जो कभी-कभार बाजार में आकर बैठते हैं।
