वायरल
मूर्ति विसर्जन के दौरान सतर्क रहे पुलिस : डीजीपी
‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में पुलिस बल तैनात किए जायेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी प्रशांत कुमार ने दुर्गा पूजा, महानवमी और दशहरा के मद्देनजर सभी उच्च अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान योजनाबद्ध तरीके से पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने का आदेश दिया है, ताकि जुलूस के दौरान सुरक्षा बनाए रखी जा सके। इसके लिए ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में पुलिस बल तैनात किए जाने की बात कही गई है।
डीजीपी ने महानवमी के अवसर पर मंदिरों में महिलाओं और बच्चियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। साथ ही, विसर्जन स्थलों पर मजिस्ट्रेट या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, घाटों पर बैरिकेडिंग, स्थानीय गोताखोरों, जल पुलिस और बाढ़ राहत पीएसी की तैनाती के साथ उचित प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
सोशल मीडिया पर रखी जाएगी कड़ी नजर –
पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन की व्यवस्था और रामलीला स्थानों पर स्थानीय समितियों से समन्वय की सलाह दी गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और शॉपिंग मॉल्स में भी सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी ने कहा कि जुलूसों के लिए किसी नए मार्ग का उपयोग न किया जाए और जहां पहले विवाद हुए हैं वहां की स्थिति को पहले से समझा जाए। साथ ही धर्मगुरुओं से संवाद कर उनके सुझावों का पालन करने पर जोर दिया गया है। लोक इंटेलिजेंस यूनिट को भी सतर्क मोड पर रखने के आदेश दिए गए हैं।
