राज्य-राजधानी
अवध-असम एक्सप्रेस से चार नाबालिग बरामद
घर से भागकर दिल्ली जा रहे थे, चाइल्ड लाइन को सौंपा
देवरिया। रेलवे स्टेशन पर अवध–असम एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15909) से चार नाबालिगों को बरामद किया गया। ये सभी असम के निवासी हैं और घर से भागकर नई दिल्ली जा रहे थे। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त कार्रवाई में बच्चों को सुरक्षित पकड़ा गया और बाद में चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के गार्ड ब्रेक कोच में ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल को कंट्रोल से सूचना मिली, जिसके बाद आरपीएफ स्कॉर्ट पार्टी ने एक नाबालिग लड़के और एक नाबालिग लड़की को जीआरपी के सुपुर्द किया। जीआरपी पोस्ट पर पूछताछ में लड़के ने अपना नाम इमरान अली (14 वर्ष) निवासी न्यू बोंगाईगांव, असम और लड़की ने संजना पासवान (14 वर्ष) निवासी केवाड़ी बोंगाईगांव, असम बताया। दोनों ने घर से भागकर दिल्ली जाने की बात स्वीकार की। उनके साथ दो अन्य नाबालिग—रोहन हुसैन (15 वर्ष) निवासी बेलासिपारा, असम और आफरीन बेगम (14 वर्ष) निवासी बेलासिपारा, असम—भी थे, जो देवरिया स्टेशन पर उतर गए थे।
सूचना मिलते ही एएसआई और कॉन्स्टेबल ने तत्काल खोजबीन शुरू की और दोनों अन्य नाबालिगों को भी स्टेशन परिसर के पास बैठा पाया। सभी बच्चों से पूछताछ के बाद उनके परिजनों से मोबाइल पर संपर्क किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाया गया है और संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
