Connect with us

वाराणसी

BHU : काउंटर विवाद पर मरीजों के सामने भिड़े एमएस और विभागाध्यक्ष

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। बीएचयू के एमसीएच विंग में अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता और स्त्री एवं प्रसूति विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता राय के बीच पीपीटी-सीटी और एसटीआई काउंटर को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। मरीजों के सामने ही दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बहस होती रही, जिससे ओपीडी क्षेत्र में असहज स्थिति बनी रही। बाद में एमएस ने संबंधित कक्ष में ताला लगवा दिया।

एमसीएच विंग में ओपीडी के बाहर महिलाओं के बैठने के लिए कुर्सियां लगी हैं, वहीं पास में एक काउंटर संचालित है, जहां ओपीडी पर्ची बनाई जाती है और ब्लड सैंपल लिए जाते हैं। इसी के समीप पीपीटी-सीटी और एसटीआई क्लीनिक का काउंटर भी संचालित होता है, जहां एचआईवी, एड्स और यौन संचारित रोगों से संबंधित जांच व परामर्श दिया जाता है।

एमएस प्रो. केके गुप्ता ने लगभग 15 दिन पूर्व इस काउंटर को खाली कराने का निर्देश दिया था, लेकिन उस पर अमल नहीं हो सका। निरीक्षण के दौरान जब काउंटर खाली नहीं मिला तो उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल स्थान खाली करने का निर्देश दिया। इसी दौरान एक कर्मचारी वीडियो बनाने लगा।

इसके बाद एमएस ओपीडी में मौजूद विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता राय के पास पहुंचे और वीडियो बनाए जाने को लेकर सवाल किया। इस पर प्रो. राय ने कहा कि यदि गलत तरीके से कार्रवाई की जाएगी तो वीडियो बनाना जरूरी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि काउंटर हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच प्रभावित न हो। काउंटर पर ताला लगने की स्थिति में सेवाएं ठप हो जाएंगी। जवाब में एमएस ने दोहराया कि पहले ही काउंटर खाली करने के निर्देश दिए जा चुके थे।

घटना के बाद विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता राय ने विभागीय कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सभी ने कहा कि यह केंद्र सरकार की योजना के तहत संचालित होने वाला काउंटर है और इसे बंद करने की स्थिति में दूसरी जगह उपलब्ध कराना आवश्यक है। कर्मचारियों ने आशंका जताई कि यदि व्यवस्था नहीं की गई तो एचआईवी और यौन रोगों की स्क्रीनिंग व काउंसिलिंग में गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page