Connect with us

राज्य-राजधानी

बस्ती में एक लाख से अधिक किसानों की पीएम सम्मान निधि पर मंडराया संकट

Published

on

Loading...
Loading...

बस्ती। जिले के हजारों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। जनपद में पंजीकृत लगभग चार लाख एक हजार किसानों में से करीब एक लाख पच्चीस हजार किसानों ने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण नहीं कराई है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले प्रक्रिया पूरी न करने वाले किसानों की अगली किस्त अटक सकती है।

शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केवल पात्र किसानों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। कृषि विभाग के अनुसार इस प्रक्रिया के तहत किसानों की भूमि विवरणी (खतौनी), आधार कार्ड और बैंक खाते का डिजिटल सत्यापन किया जा रहा है। रजिस्ट्री पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित किसान का नाम लाभार्थी सूची से स्वतः हट जाएगा और अगली किस्त जारी नहीं की जाएगी।

Loading...

विभागीय सूत्रों का कहना है कि प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दिए जाने और गांवों में मुनादी कराए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों ने अब तक पोर्टल पर अपना विवरण अपडेट नहीं कराया है। वर्तमान स्थिति में लगभग 1.18 लाख किसानों का डाटा लंबित बताया जा रहा है। यदि समय रहते इन किसानों ने प्रक्रिया पूरी नहीं की तो करोड़ों रुपये की सम्मान निधि वापस जा सकती है।

उपनिदेशक कृषि, बस्ती अशोक कुमार गौतम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पीएम किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। जनपद में पंजीकृत चार लाख एक हजार किसानों में से अब तक दो लाख 83 हजार किसानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। शेष किसानों से अपील की गई है कि वे शीघ्र रजिस्ट्री कराएं, अन्यथा किस्त रुकने के बाद वे लाभार्थी सूची से बाहर हो जाएंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page