Connect with us

गाजीपुर

सांसद संगीता बलवंत ने मेगा ऋण शिविर में युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने की दी प्रेरणा

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। आडिटोरियम हाल में शुक्रवार को मेगा ऋण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने प्रदर्शनी व मेले का अवलोकन करने के उपरांत दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख पश्चिम संजय कुमार सिन्हा, क्षेत्र प्रमुख पूर्व मुकेश रमन, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, सभी बैंक समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह ऋण सहित अन्य योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाए गए। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक, उद्योग एवं उद्यम विभाग सहित अन्य संस्थानों ने प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने जनपद में ऋण वितरण में अपेक्षित वृद्धि के लिए बैंकों की सराहना की। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बैंकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उद्यमियों, लाभार्थियों एवं जनमानस से अपील की कि वे विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के उद्यमी जिले के आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और यह कार्यक्रम केवल ऋण वितरण तक सीमित न होकर स्थानीय स्तर पर आर्थिक शक्ति एवं उद्यमिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

Advertisement

विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के मेगा ऋण शिविरों से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा समय पर ऋण अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की।

जिला अग्रणी प्रबंधक ने बताया कि शिविर के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, एमवाईएसवाई, पीएम सूर्यघर सहित बैंकों द्वारा संचालित एमएसएमई, रिटेल एवं एग्रीकल्चर योजनाओं के तहत 01 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक लगभग 225 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत कर वितरित किए गए। लाभार्थियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किए गए। शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page