चन्दौली
हजारों एकड़ फसल बर्बाद होने के बाद हरकत में प्रशासन, राणा प्रताप सिंह ने फोरलेन और नदी खुदाई पर उठाए सवाल
चंदौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ और तूफान की विभीषिका ने किसानों को गहरा नुकसान पहुंचाया है। हजारों एकड़ धान की फसल जलमग्न होकर नष्ट हो गई, जिससे किसान आर्थिक और मानसिक रूप से मर्माहत हैं। इसी पृष्ठभूमि में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह जी ने मुगलसराय–पांडेपुर–बबुरी–चकिया मार्ग पर चल रहे पीडब्ल्यूडी फोरलेन सड़क चौड़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम (जे), एक्सियन बंधी, एक्सियन चंद्रप्रभा, तीनों एसडीएम सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। राणा प्रताप सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नदी की ठीक से खुदाई और पर्याप्त चौड़ाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नदी का मूल स्वरूप बनाए रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
दौरे के क्रम में उन्होंने मुगलसराय–चकिया मार्ग पर शिवनाथपुर (चोरमरवा), मरेराडीह, बबुरी, दूदे, चित्तौड़ी और लेवा मवैया के छलकों का निरीक्षण किया। स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने जलनिकासी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी चिंताएं भी रखीं।
प्रशासन का कहना है कि फोरलेन निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है। हालांकि बाढ़ की हालिया घटनाओं को देखते हुए नदी क्षेत्र की तकनीकी समीक्षा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी आपदा की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
