गोरखपुर
आमी नदी पर पुल बना कटका गांव की नई पहचान
खजनी–सहजनवा विधानसभा में विकास का स्वर्णिम अध्याय
गोरखपुर। जनपद की खजनी और सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में विकास आज साकार रूप लेता दिखाई दे रहा है। दक्षिणांचल क्षेत्र का कटका गांव, जिसने आज़ादी के बाद से बाढ़, नाव और दुर्गम आवागमन का दंश झेला, आज उम्मीदों की नई रोशनी में नहाया हुआ है। आमी नदी पर सेतु निगम द्वारा निर्माणाधीन पांच पावे का पुल अब केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि कटका गांव के संघर्ष, धैर्य और प्रतीक्षा का प्रतीक बन चुका है।

खजनी–गोरखपुर मुख्य मार्ग से कटका गांव को जोड़ने वाला यह पुल वर्षों की पीड़ा का अंत करेगा। बरसात के मौसम में जब आमी नदी विकराल रूप धारण कर लेती थी, तब पूरा गांव मानो दुनिया से कट जाता था। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार सब कुछ प्रभावित होता था। आज इस पुल के निर्माण से ग्रामीणों को स्थायी आवागमन, आपातकालीन सुविधा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद मिली है। गांव में खुशी की लहर है, बुजुर्ग भावुक हैं और युवा आने वाले कल के सपने संजो रहे हैं।

इस विकास को और गति दे रही है सहजनवा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सहजनवा–दोहरी घाट रेल लाइन परियोजना। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय आवागमन को मजबूत करेगी, बल्कि गोरखपुर, खलीलाबाद और आसपास के ग्रामीण अंचलों को रेल नेटवर्क से और सशक्त रूप से जोड़ेगी। दोहरी घाट रेल लाइन के पूर्ण होने से व्यापार, उद्योग, कृषि उत्पादों की ढुलाई और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
खास बात यह है कि आमी नदी पुल से लगभग दो सौ मीटर उत्तर दिशा में एनईआर रेलवे पुल का निर्माण भी तेजी से जारी है, जिससे सड़क और रेल दोनों माध्यमों से क्षेत्र का विकास सुनिश्चित हो रहा है। खजनी और सहजनवा विधानसभा का यह संयुक्त विकास कार्य आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला है। कटका गांव की खुशी आज पूरे दक्षिणांचल की आवाज बन चुकी है, जहां विकास अब सपना नहीं, हकीकत बनता दिखाई दे रहा है।
