गाजीपुर
भव्य जल यात्रा के साथ श्रीपुर में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी, शिवरात्रि पर होगा मुख्य आयोजन
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। श्रीपुर गांव स्थित भगवान शिव मंदिर, मां दुर्गा एवं हनुमान मंदिर में प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य जल यात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक जल यात्रा में लाल और पीले परिधान में सजे भारी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जल यात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई। गाड़ी घोड़ा, गाजे-बाजे और जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने पूरे गांव की परिक्रमा की। लगभग 9 किलोमीटर की यात्रा कर श्रद्धालु ऐतिहासिक कोटवां गंगा घाट पहुंचे। वहां सुप्रसिद्ध आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा कलश में गंगाजल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु जयकारों के साथ गंगाजल लेकर पुनः मंदिर परिसर लौटे।
पूरे मार्ग में भक्ति, आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर-हर महादेव और जय मां दुर्गा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ग्राम सभा श्रीपुर में शिव दरबार सहित भोलेनाथ का भव्य मंदिर निर्माण पूर्ण हो चुका है। आगामी शिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
यह मंदिर केवल ईंट-पत्थरों की संरचना नहीं, बल्कि श्रीपुर की आस्था, एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है। उल्लेखनीय है कि गांव के अधिष्ठाता बाबा सूर्यनाथ राय के नाम से निर्मित यह मंदिर सुरेश्वर महादेव के नाम पर स्थापित किया गया है। यहां मां दुर्गा एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं की भी प्राण प्रतिष्ठा की जानी है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। पूरे श्रीपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में इस आयोजन को लेकर उत्साह और श्रद्धा का विशेष वातावरण बना हुआ है।
