गोरखपुर
पशु-तस्करी से अवैध संपत्ति बनाने वाले गिरोह की दो करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क
गोरखपुर। संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गोरखपुर पुलिस ने पशु-तस्करी के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, थाना एम्स के नेतृत्व में की गई।
जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश के अनुपालन में मु0अ0सं0 331/2025 धारा 2(ख) (I)(XI)(XVII) / 3(1) उत्तर प्रदेश समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986, थाना कैण्ट, जनपद गोरखपुर से संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। इसमें गैंग लीडर अनूप यादव पुत्र दिनेश यादव, निवासी हरसेवकपुर नंबर 02 टोला दहला थाना गुलरिहा, गैंग सदस्य सतीश यादव पुत्र रामभजन यादव, निवासी हरसेवकपुर नंबर 02 टोला दहला थाना गुलरिहा तथा शोलू यादव उर्फ सोनू यादव उर्फ विरेंद्र यादव पुत्र दयाराम यादव, निवासी ग्राम हरसेवकपुर नंबर 02 टोला दहला थाना गुलरिहा के नाम शामिल हैं।
नायब तहसीलदार सदर गोरखपुर की अगुवाई में राजस्व टीम तथा थाना एम्स और थाना गुलरिहा पुलिस की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत दिनांक 11 फरवरी 2026 को जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों को कुर्क किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है। अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है।
जब्त की गई संपत्तियों में गैंग लीडर अनूप यादव का ग्राम हरसेवकपुर नंबर 02 स्थित पंचायत भवन की जमीन गाटा संख्या 1074, 1093 एवं 1094, रकबा 0.101 हेक्टेयर पर निर्मित मकान शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये है। वहीं गैंग सदस्य सतीश यादव का ग्राम हरसेवकपुर नंबर 02 स्थित गाटा संख्या 1071, रकबा 0.255 हेक्टेयर में निर्मित मकान, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये है, कुर्क किया गया है। इसी प्रकार गैंग सदस्य शोलू यादव उर्फ सोनू यादव उर्फ विरेंद्र यादव का ग्राम हरसेवकपुर नंबर 02 स्थित गाटा संख्या 1071, रकबा 0.255 हेक्टेयर में बना मकान, जिसकी अनुमानित कीमत भी एक करोड़ रुपये है, जब्त किया गया है।
इस प्रकार कुल तीन मकानों को कुर्क किया गया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, थानाध्यक्ष इत्यानन्द पाण्डेय मय हमराह, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल शशिकान्त सिंह, कांस्टेबल रविशंकर, महिला कांस्टेबल रिंकू यादव, नायब तहसीलदार अरविन्द नाथ पाण्डेय, अमीन योगेन्द्र प्रसाद चौबे तथा अमीन अजय ओझा मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।
