Connect with us

वाराणसी

त्योहारों से पहले काशी की व्यवस्थाओं पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

जनसुविधाओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने रखी प्रमुख मांगें

वाराणसी (जयदेश)। महाशिवरात्रि, रमजान, होली और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर काशी में बदहाल जनसुविधाओं और नागरिक व्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस पार्षद दल के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में सफाई, सड़क, यातायात, जलापूर्ति और आवारा कुत्तों की समस्या सहित कई गंभीर मुद्दों को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में महाशिवरात्रि, रमजान, होली और ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाएंगे, जिनके दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की भारी आवाजाही रहती है, लेकिन वर्तमान में नगर निगम की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। उन्होंने मांग की कि सभी शिवालयों, मंदिरों, मस्जिदों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। होली और ईद के दौरान भी अतिरिक्त सफाई टीमें तैनात करने की मांग की गई, ताकि त्योहारों के समय शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों की तत्काल मरम्मत कराने पर जोर देते हुए कहा कि खराब रास्तों के कारण श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस पार्षद दल ने बड़ी बाजार, जैतपुरा सहित कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए तत्काल डॉग कैचिंग अभियान चलाने की मांग की।

इसके साथ ही जैतपुरा, दशाश्वमेध, नाग कुंआ, मिर्जा बाबा, राजापुर सहित कई इलाकों में सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक और शाम के समय लगने वाले भीषण जाम की समस्या की ओर नगर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया गया। नेताओं ने कहा कि अपर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।

Advertisement

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि नगर निगम से लेकर मेयर, विधायक, एमएलसी और मंत्री तक सभी भारतीय जनता पार्टी से हैं। हर सप्ताह मुख्यमंत्री का दौरा होने के बावजूद काशी आज भी मूलभूत जनसमस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि है, लेकिन शिवालयों के आसपास न तो सफाई की स्थिति ठीक है और न ही प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त है। टूटी सड़कें, गंदगी, जाम और अव्यवस्थित यातायात ने पूरे बनारस की व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। भाजपा का तथाकथित विकास केवल प्रचार तक सीमित है और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद काशी की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। विशेष रूप से रमजान माह को लेकर नगर निगम की कोई ठोस तैयारी नजर नहीं आ रही है। सफाई व्यवस्था चौपट है, आवारा कुत्तों का आतंक है और जाम आम लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुका है। त्योहारों के समय भी नगर निगम की लापरवाही साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जब पूरी सत्ता भाजपा के हाथ में है, तब भी यदि जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो यह सरकार की पूरी तरह विफलता है। कांग्रेस पार्षद दल सड़क से लेकर सदन तक जनता के हित में संघर्ष करता रहेगा।

नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी, सतनाम सिंह, रमजान अली, असलम खां, वोकास अंसारी, प्रमोद वर्मा, हसन मेहदी कब्बन, आशिष केशरी, अब्दुल हमीद डोडे, पुलक त्रिपाठी, विवेक यादव, अरशद लड्डू, शशि सोनकर, परमदीप तिवारी, किशन यादव, अरविन्द सेठ, रामजी गुप्ता सहित दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page