गोरखपुर
आर्यभट्ट स्वर्ण जयंती सम्मेलन में आईटीएम गीडा के छात्रों की प्रभावशाली भागीदारी
गोरखपुर। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा आर्यभट्ट उपग्रह के प्रमोचन की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में यू. आर. राव उपग्रह केंद्र के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय तकनीकी सम्मेलन आर्यभट्ट से अनंत अंतरिक्ष की ओर” में इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गीडा, गोरखपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सम्मेलन का उद्देश्य भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाना तथा अंतरिक्ष अनुसंधान, प्रौद्योगिकी प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर नवाचारपूर्ण तकनीकी विचारों को प्रोत्साहित करना है।
सम्मेलन में देशभर के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के स्नातक, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों द्वारा सरल एवं सुबोध हिंदी में तैयार तकनीकी आलेख प्रस्तुत किए जा रहे हैं। संस्थान की छात्राएँ आयुषी सिंह, खुशी आलिया, दीपा पाण्डेय एवं वैष्णवी साहनी ने अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह प्रौद्योगिकी तथा नवाचार आधारित शोध विषयों पर अपने तकनीकी आलेख प्रस्तुत कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक मंच युवा प्रतिभाओं को वैश्विक दृष्टि प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल अनुसंधान का क्षेत्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार है, और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर शोध, नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
छात्रों की इस उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित संस्थान के सभी शिक्षकों ने छात्रों को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त किया |
