वाराणसी
वेतन और ट्रांसफर संकट से टूटा सीएचओ, आत्महत्या का किया प्रयास
गोरखपुर/महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में संविदा पर तैनात एक कम्युनिटी हेल्थ अफसर (सीएचओ) द्वारा रविवार को आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। वह आत्महत्या करने की नीयत से डंडा नदी के किनारे पहुंच गए और वहीं बैठकर रोने लगे।
एसएसबी जवानों ने उन्हें समझा-बुझाकर लौटाया। घर पर मिले पत्र में दो माह से मानदेय न मिलने और ट्रांसफर की सुनवाई न होने से मानसिक रूप से परेशान होने का जिक्र है। बृजमनगंज क्षेत्र में संचालित एक आरोग्य मंदिर पर संविदा पर तैनात सीएचओ आगरा के रहने वाले हैं।
रविवार सुबह कमरे में एक पत्र रखकर डंडा नदी के किनारे पहुंच गए। पत्र में आत्महत्या करने जाने की बात लिखी थी। नदी तट पर बैठकर रोने लगे। कमरे पर मिले पत्र के मुताबिक करीब दो माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इससे न तो वह घर पैसा भेज पा रहे हैं और न ही यहां खानपान की कोई व्यवस्था है। ट्रांसफर भी नहीं हो रहा कि परिवार के साथ रह सकें।
जिला मुख्यालय से यह बताया गया कि बजट न मिलने से यह स्थिति है। इस सबकी वजह से वह जीना नहीं चाहते थे। काफी देर से नदी तट पर बैठा देख एसएसबी के कुछ जवान मौके पर पहुंच गए और सीएचओ की पीड़ा सुनी। काफी देर समझाने के बाद एसएसबी जवानों ने उन्हें वापस उनके कमरे पर छोड़ा।
