Connect with us

गोरखपुर

ईंट-भट्ठा संचालकों की मनमानी, बिना लाइसेंस व नंबर प्लेट ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर भर रहीं फर्राटा

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले में ईंट-भट्ठा संचालकों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। जिले के विभिन्न इलाकों में ईंटों से लदी सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट और अन्य वैध कागजात के खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही हैं। ये भारी वाहन न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से देर रात तक लगभग 200 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक ही रूट से आवागमन करती हैं। अधिकतर वाहन ओवरलोड होते हैं और तेज रफ्तार में चलाए जाते हैं। कई ट्रॉलियों में न तो ब्रेक-लाइट होती है और न ही कोई सुरक्षा संकेतक, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण और शहरी सड़कों पर इन वाहनों की आवाजाही से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कई पुलिस चौकियों पर इन अवैध वाहनों को रोकने के बजाय मामूली रकम लेकर छोड़ दिया जाता है। इसी वजह से ईंट-भट्ठा संचालकों का यह अवैध कारोबार बिना किसी डर के फल-फूल रहा है और सड़क सुरक्षा पूरी तरह से नजरअंदाज की जा रही है।

जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी कुलभूषण उर्फ दीपक पाण्डेय ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि जनता की जान से खुला खिलवाड़ है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि बिना लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाएं, अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त करें और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page