वाराणसी
फर्जी बिल और ई-वे से चल रहा था नशे का कारोबार, पांच अभियुक्त गिरफ्तार
वाराणसी। कोडीन युक्त न्यू फेंसाडिल कफ सीरप की अवैध बिक्री और तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए वाराणसी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन अभियुक्त 25-25 हजार रुपये के इनामिया अपराधी हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े संगठित गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ है।
थाना कोतवाली कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि अभियुक्तों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल का इस्तेमाल कर झारखंड के रांची स्थित शैली ट्रेडर्स के माध्यम से भारी मात्रा में न्यू फेंसाडिल कफ सीरप खरीदा और उसे औषधीय उपयोग के बजाय नशे के लिए बेचा। इस अवैध कारोबार से करीब 40 करोड़ रुपये की कमाई की गई, जबकि इसमें से लगभग 8 करोड़ रुपये का लाभ अभियुक्तों को मिला।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि जौनपुर निवासी विकास सिंह के साथ अन्य अभियुक्तों की बैठक शुभम जायसवाल द्वारा केबीएन प्लाजा में कराई जाती थी। इन बैठकों में कफ सीरप की तस्करी और पैसों के लेन-देन की योजना बनाई जाती थी। अभियुक्तों ने बताया कि उनके नाम से संचालित फर्मों पर बहुत कम माल आता था, जबकि शेष माल की तस्करी शुभम जायसवाल और अन्य लोगों के माध्यम से कराई जाती थी।
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक करीब 25 लाख बोतलों की तस्करी की है। कुछ माल पश्चिम बंगाल, बिहार और त्रिपुरा में पकड़ा गया था, जिसके संबंध में उन्हें नोटिस भी मिला था। इस पर शुभम जायसवाल ने ई-वे बिल बनवाकर नोटिस का जवाब देने की सलाह दी थी और बाकी व्यवस्था खुद देखने की बात कही थी।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्तों ने शुभम जायसवाल और अन्य के कहने पर कई लोगों के दस्तावेजों का उपयोग कर तस्करी के उद्देश्य से फर्में खुलवाई थीं। गिरफ्तारी से बचने के लिए सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, लेकिन पुलिस ने भोरसर लिंक रोड मिर्जापुर बाईपास के पास से उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल, अभिनव कुमार यादव, घनश्याम मौर्या और अंकुश सिंह शामिल हैं, जिनमें अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 46 विदेशी मुद्रा और एक आईफोन भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की जांच आगे भी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
