गाजीपुर
राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान को लेकर न्यायालय परिसर से रवाना हुई जन-जागरूकता रैली
22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर
गाजीपुर (जयदेश)। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान एवं बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के माध्यम से आमजन अपने वादों का सरल एवं सुगम निस्तारण करा सकते हैं। इसके अंतर्गत वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, संपत्ति विवाद, बंटवारा से संबंधित मामले तथा शमनीय आपराधिक मामलों का समाधान आपसी सुलह-समझौते के जरिए किया जा सकता है। उन्होंने बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर वर्गों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है।
विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज कोर्ट संख्या- श्री शक्ति सिंह ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को जनपद गाजीपुर के सभी सरकारी विभागों द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए न्यायपालिका द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि विधिक सहायता एवं सेवा शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सिविल बार के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह, सचिव अंजनी कुमार ठाकुर, अली रजा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-03 गाजीपुर, अभिमन्यु सिंह विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट, राम अवतार प्रसाद विशेष न्यायाधीश पॉक्सो, अलख कुमार स्पेशल जज ईसी एक्ट, विजय कुमार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पराविधिक स्वयंसेवक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचारित की गई।
