शिक्षा
डायट बस्ती में दो दिवसीय स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब प्रशिक्षण शुरू
शिक्षकों को मिली डिजिटल शिक्षा की नई दिशा
बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बस्ती में जनपद के राजकीय माध्यमिक, उच्च प्राथमिक तथा कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं सहायक अध्यापकों के लिए आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डायट प्राचार्य संजय शुक्ल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया।
डायट प्रवक्ता शशि दर्शन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाना तथा विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करना है। प्रशिक्षण के दौरान स्मार्ट बोर्ड के संचालन, डिजिटल कंटेंट के उपयोग, आईसीटी लैब के प्रभावी प्रबंधन तथा आईसीटी इंटीग्रेटेड शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर इं. रजनीश मिश्र ने बेहद रोचक और प्रभावशाली तरीके से शिक्षकों को तकनीक के उपयोग और उसके शैक्षिक लाभों से अवगत कराया। उनके प्रस्तुतीकरण और सरल सिखाने के अंदाज ने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को खासा प्रभावित किया। शिक्षकों ने माना कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में क्रांतिकारी बदलाव संभव है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आधुनिक, रोचक और प्रभावशाली शिक्षा प्रदान करेंगे। डायट के अधिकारियों ने आशा जताई कि इस पहल से जनपद के राजकीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया अधिक सरल एवं प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर इं. रजनीश मिश्र के साथ रोहित कुमार त्रिपाठी सहित संदर्भदाता रमेश विश्वकर्मा, हेमंत मिश्र, शालिनी द्विवेदी एवं राजकांत की भी सक्रिय सहभागिता रही।
