गोरखपुर
नरकटहा में रात के सन्नाटे में मिट्टी चोरी बेखौफ जारी, प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा रोष
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के नरकटहा मौजा में आवासीय प्लाटों के बीच चल रहा अवैध मिट्टी खनन अब स्थानीय लोगों के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। रात होते ही इलाके की लाइटें संदिग्ध रूप से बंद कर दी जाती हैं और अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से तेज़ी से मिट्टी चोरी का गोरखधंधा पूरे जोरों पर चलता है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे होता है, लेकिन कार्रवाई का नाम तक नहीं लिया जा रहा है।

लोगों का साफ कहना है कि प्रशासन या तो मिलीभगत में शामिल है या फिर पूरी तरह से आंखें बंद किए बैठा है। स्थिति इतनी भयावह होती जा रही है कि रात में बाहर निकलना भी जोखिम भरा बन चुका है। हाल ही में पशु तस्करों द्वारा एक युवक की रात्रि में निर्मम हत्या ने क्षेत्र में दहशत और बढ़ा दी है। ऐसे में अपनी संपत्ति और परिवार की सुरक्षा करना भी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

आवासीय क्षेत्र में लगातार मिट्टी कटान से प्लाटों की नींव कमजोर हो रही है और कई जगह धंसान की स्थिति बन रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति सुधारने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध खनन पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा अवश्य सामने आ सकता है।

स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि अब धैर्य की सीमा खत्म हो रही है। यदि जल्द ही रात में गश्त बढ़ाकर मिट्टी खनन माफिया पर लगाम नहीं लगाई गई, तो यह मामला शासन के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन की नींद कब खुलेगी और कब इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा।
