गोरखपुर
गोरखपुर में आवारा कुत्तों के लिए बनेगा आधुनिक डॉग शेल्टर
गोरखपुर नगर निगम शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और उनसे होने वाली समस्याओं को देखते हुए एक बड़े और आधुनिक डॉग शेल्टर के निर्माण की तैयारी कर रहा है। नगर निगम की ओर से तैयार प्रस्ताव के अनुसार शेल्टर के निर्माण पर करीब 29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि इसके संचालन और रखरखाव पर हर साल लगभग 16.92 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती तादाद के कारण लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। काटने की घटनाएँ, कॉलोनियों और बाजारों में कुत्तों का झुंड दिखाई देना, स्कूलों के आसपास सुरक्षा की चिंता—इन सबको देखते हुए नगर निगम ने इसे बड़ी प्राथमिकता का विषय माना है।
नगर निगम के अनुसार प्रस्तावित शेल्टर में कुत्तों के लिए भोजन, पानी, टीकाकरण, दवाइयाँ, देखभाल, रहने की सुरक्षित जगह और मेडिकल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। यहाँ कुत्तों की नियमित निगरानी, हेल्थ चेकअप और जरूरत पड़ने पर उपचार की व्यवस्था भी होगी।
बता दें कि शहर में पहले से एक एबीसी सेंटर संचालित है, लेकिन उसकी क्षमता सीमित है। गोरखपुर में आवारा कुत्तों की संख्या हजारों में होने के कारण एक बड़े शेल्टर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए शेल्टर के बन जाने से नगर निगम को कुत्तों के प्रबंधन और नसबंदी कार्यक्रम को बेहतर ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शेल्टर बनने से शहर में कुत्तों से जुड़ी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण होगा। साथ ही, कुत्तों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित होने से पशु कल्याण के मानकों का पालन भी मजबूत होगा।
नगर निगम जल्द ही इस योजना को मंजूरी के लिए भेजेगा और स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
