राज्य-राजधानी
आईपीएस अधिकारी ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या

चंडीगढ़। हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी वाई पूर्ण कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पुष्टि की है कि उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। पूर्ण कुमार वर्तमान में पीटीसी सुनारिया में आईजी के पद पर कार्यरत थे और इससे पहले रोहतक में आईजी के रूप में भी सेवा दे चुके थे।
घटना स्थल पर मिली जानकारी के अनुसार, उनकी बेटी ने बेसमेंट में पिता का शव और पास में रखा रिवॉल्वर पाया। बेसमेंट साउंडप्रूफ होने के कारण गोली चलने की आवाज बाहर नहीं आई। चंडीगढ़ पुलिस और एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया।
पूर्ण कुमार की पत्नी पी अमनीत कुमार सीनियर हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे हरियाणा के विदेश सहयोग विभाग में आयुक्त एवं सचिव के पद पर कार्यरत हैं और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 8 अक्टूबर की रात दिल्ली लौटेगा।
वाई पूर्ण कुमार का 2001 बैच का आईपीएस अधिकारी होना था। उन्होंने रोहतक में आईजी के रूप में कार्य किया था, इसके अलावा पीटीसी सुनारिया में भी आईजी के पद पर नियुक्त थे। इसके पहले वे कई अन्य पदों पर कार्यरत रहे।
पूर्ण कुमार का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, पूर्व मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद और पूर्व डीजीपी मनोज यादव के खिलाफ कई बार मोर्चा खोला। उन्होंने वर्ष 2022 में तत्कालीन गृह सचिव राजीव अरोड़ा पर भेदभावपूर्ण तरीका अपनाने का आरोप लगाया था, जिसे लेकर मामला पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक गया था।
इसके अलावा नौ आईपीएस अधिकारियों के सरकारी मकानों पर कब्जे का मामला भी उन्होंने उजागर किया था, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों से मकान खाली कराते हुए जुर्माना राशि वसूल की गई थी।