वाराणसी
गैंगरेप केस में 14 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, SIT ने कोर्ट में पेश की रिपोर्ट
वाराणसी में युवती से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में SIT ने अपनी जांच पूरी कर ली है। शुक्रवार को पुलिस ने कोर्ट में 410 पेज की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें 14 आरोपियों को वारदात में शामिल बताया गया है। अब अगले सप्ताह से इस केस का ट्रायल शुरू होगा।
SIT रिपोर्ट के मुताबिक, 29 मार्च से 3 अप्रैल के बीच युवती के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में 23 युवकों ने दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस ने 11 से 15 अप्रैल के बीच 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो फिलहाल जेल में हैं। चार्जशीट दाखिल करने में पुलिस को 3 महीने का समय लग गया।
वारदात के एक महीने बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर पीड़िता ने SIT को अपने बयान दर्ज कराए थे। पीड़िता के बयान के साथ उसके पक्ष के अन्य गवाहों, तीन सहेलियों और 35 अन्य लोगों के बयान भी रिकॉर्ड किए गए। जांच में पीड़िता के साथ चार स्थलों का निरीक्षण किया गया। SIT ने घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इंस्टाग्राम चैट भी जुटाए हैं।
SIT की टीम में DCP वरुणा जोन प्रमोद कुमार, ADCP नीतू कादयान और ADCP क्राइम श्रुति श्रीवास्तव शामिल थीं। DCP प्रमोद कुमार ने कहा कि चार्जशीट में सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और प्रयास होगा कि मुकदमे का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपियों को कठोर सजा दिलाई जाए।
गौरतलब है कि गैंगरेप केस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संज्ञान लेने के बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 17 अप्रैल को SIT का गठन किया था। जांच के दौरान DCP वरुणा चंद्रकांत मीना को लापरवाही के आरोप में हटा दिया गया और उन्हें लखनऊ DGP ऑफिस अटैच कर दिया गया। पीड़िता का उपचार फिलहाल जारी है और उसकी हालत में सुधार है।
