वाराणसी
भीषण गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद, जल्द दस्तक देगा मानसून

वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मानसून ने पूर्वोत्तर भारत होते हुए अब बंगाल की सीमा में प्रवेश कर लिया है और मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 10 जून से पहले बनारस में मानसून दस्तक दे सकता है। इस बार सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद जताई गई है, जिससे लोगों को लू और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।
मानसून देगा औसत से अधिक बारिश
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान दीर्घकालिक औसत (799 मिमी) से लगभग 10% अधिक वर्षा होने की संभावना है। बारिश के चलते कई दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
उमस से बेहाल रहे काशीवासी
मंगलवार को शहरवासियों को तेज धूप और भारी उमस का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार लगभग 20 किमी प्रति घंटे रही और वातावरण में आर्द्रता 80% तक पहुंच गई। कूलर और पंखे भी इस उमस के आगे बेअसर दिखे।
आज और आगामी दिनों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त 30 और 31 मई को भी रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद कुछ दिनों के लिए मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
काशीवासियों को मिलेगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर विश्वास किया जाए तो इस बार मानसून गर्मी से राहत देने वाला साबित हो सकता है। लू के दिनों में कमी और अधिक वर्षा से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।