मिर्ज़ापुर
स्वीकृति पत्र पाकर मुस्करा उठे श्रमिक, योजनाओं से मिल रहा लाभ
निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा का नया द्वार खोल रहा अटल आवासीय विद्यालय
मिर्जापुर। अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में श्रम विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने की।

गोष्ठी के दौरान सहायक श्रमायुक्त ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने का आह्वान किया। साथ ही मिर्जापुर मंडल के गुरमुरा (सोनभद्र) स्थित अटल आवासीय विद्यालय की जानकारी दी गई, जहां निर्माण श्रमिकों के बच्चों को नवोदय की तर्ज पर कक्षा 6 से 12 तक नि:शुल्क शिक्षा दी जाती है।

भारत सरकार की प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और ई-श्रम पोर्टल पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने श्रम दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक समय में श्रमिकों से 18 घंटे कार्य लिया जाता था, जिसे संघर्ष के बाद 8 घंटे तक सीमित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने तकनीक की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आज के युग में गूगल के माध्यम से किसी भी योजना की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने एनआरएलएम, मुख्यमंत्री युवा योजना, ई-श्रम पोर्टल और श्रम योगी मानधन योजना जैसे कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। समापन अवसर पर उपस्थित श्रमिकों ने कार्यक्रम के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।इस मौके पर सहायक श्रमायुक्त सुविज्ञ सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी आलोक रंजन, ज्ञानेन्द्र सिंह तथा श्रम विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
