मिर्ज़ापुर
राजस्व योजनाओं में विन्ध्याचल मंडल को A+ ग्रेड, मण्डलायुक्त ने की समीक्षा बैठक
कार्य में लापरवाह अफसरों को दी चेतावनी
मिर्जापुर। विन्ध्याचल मण्डल के आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में राजस्व से संबंधित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा हेतु एक बैठक का आयोजन आयुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया। इस बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन डॉ. विश्राम, मिर्जापुर के अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, सोनभद्र एवं भदोही के जिलाधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद राज मिश्र समेत मण्डल व जनपद स्तर के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि मण्डल के तीनों जनपदों ने राजस्व योजनाओं के 22 प्रमुख बिंदुओं में A+ श्रेणी प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इनमें पेट्रोल पंपों का सत्यापन, किसान दुर्घटना सहायता योजना, मण्डी राजस्व, औषधि एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित कार्य, प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया, ई-खसरा, आपदा प्रबंधन, भू-आवंटन, साल्वेंसी प्रमाणपत्र, और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष शामिल हैं।
हालांकि कुछ विभागों की लगातार चेतावनियों के बावजूद खराब प्रदर्शन पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेताया। उन्होंने अप्रैल माह में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्यों की प्रगति सुधारने पर बल दिया, ताकि प्रदेश स्तर पर मण्डल को उच्च रैंकिंग प्राप्त हो सके।

बैठक में जल निगम नगरीय मीरजापुर के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति तथा भदोही के अपर जिलाधिकारी द्वारा समयबद्ध आवेदनों के निस्तारण में लापरवाही पर मण्डलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
गेहूं क्रय की स्थिति पर चर्चा करते हुए भदोही की धीमी प्रगति पर चिंता जताई गई। मण्डलायुक्त ने अप्रैल माह में खरीदी बढ़ाने और लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी तरह, खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान सोनभद्र में राजस्व वसूली एवं प्रवर्तन कार्यों को सख्ती से लागू करने के लिए जिला खनिज अधिकारी को निर्देशित किया गया। जीएसटी के मामले में भी भदोही की प्रगति को सुधारने की बात कही गई।
