वायरल
लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी आग, एक की मौत, 250 मरीजों का रेस्क्यू
लखनऊ में सोमवार रात आशियाना स्थित सरकारी लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। रात 9:30 बजे शुरू हुई आग सबसे पहले अस्पताल की दूसरी मंजिल के ICU और फीमेल मेडिसिन वार्ड में फैली, जहां करीब 55 मरीज भर्ती थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों, स्टाफ और तीमारदारों ने जान जोखिम में डालकर करीब 250 मरीजों को बाहर निकाला।
हादसे में हुसैनगंज के छितवापुर निवासी 61 वर्षीय राजकुमार प्रजापति की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद बिजली काट दी गई जिससे ऑक्सीजन आपूर्ति रुक गई और उनकी जान चली गई।

अस्पताल में चारों ओर धुआं भर गया और बिजली बंद होने के कारण अंधेरा फैल गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में और भी दिक्कतें आईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मुख्य गेट के संकरे रास्ते में फंस गईं, जिससे आग पर काबू पाने में देर हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्थिति की निगरानी की। सीएम ने तुरंत राहत व बचाव कार्यों के निर्देश दिए और एसडीआरएफ को मौके पर भेजा गया। सभी मरीजों को सिविल, बलरामपुर, केजीएमयू, लोहिया और अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है और लोकबंधु अस्पताल को फिलहाल खाली कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मरीजों को अन्य अस्पतालों में भी निशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इस हादसे ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
