वाराणसी
हाईटेक होगी डायल 112 की गाड़ियां, लगेंगे हाई रिजॉल्यूशन कैमरे
रिपोर्ट – अंजली मिश्रा
बाइक सवार कॉप को बॉडी वार्न कैमरा
360 डिग्री पर घूमकर करेंगे रिकार्डिंग, अपराध पर लगेगी लगाम
वाराणसी। ‘उत्तर प्रदेश पुलिस’ स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में कदम दर कदम आगे बढ़ रही है। पिछले दिनों लखनऊ में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को AC वाला हेलमेट प्रदान किया था, ताकि भीषण गर्मी में पुलिसकर्मी निश्चिंत होकर ड्यूटी कर सकें। स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में यूपी पुलिस ने एक नया पहल किया है। जिसमें डायल 112 की गाड़ियां और बाइक्स पर हाई रेजोल्यूशन वाले कैमरे लगाए जाएंगे ताकि अपराध पर नियंत्रण लग सके और हाईवे पर पेट्रोलिंग भी आसान हो सके।

ये कैमरे 360 डिग्री पर घूमकर रिकार्डिंग करेंगे। इससे शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। अपराधियों व आपराधिक घटनाओं पर नजर भी रखी जा सकेगी।वाराणसी में डायल 112 की 105 गाड़ियां हैं। इन गाड़ियों को अब हाई रिजॉल्यूशन कैमरों से लैस किया जा रहा है। डायल 112 की पुरानी गाड़ियों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। इन गाड़ियों में भी हाई रिजॉल्यूशन कैमरे और टेबलेट लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे दो किलोमीटर तक 360 डिग्री घूमकर वीडियो रिकार्डिंग करने में सक्षम हैं।

कैमरे की खासियत यह है कि इसमें रिर्काड वीडियो एक माह तक सेव रहेंगे। कैमरे वाराणसी और लखनऊ कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। डायल 112 प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि गाड़ियों में कैमरे और टैबलेट लगाए जा रहे हैं। बाइक सवार कॉप को बॉडी वार्न कैमरा भी दिया गया है।
