Connect with us

गाजीपुर

हथौड़ा गांव में सेंधमारी, लाखों के जेवरात पर हाथ साफ

Published

on

Loading...
Loading...

सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। खानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा में बृहस्पतिवार की देर रात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम हथौड़ा निवासी रविंदर यादव और उनके भाई भैयालाल का संयुक्त परिवार है। रविंदर यादव की पत्नी गीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी हाल ही में हुई थी और कुछ दिन पहले ही वह ससुराल से मायके आई थी। उसके पास शादी में मिले गहने भी घर में रखे हुए थे।

बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मकान में सेंध लगाकर घर के अंदर प्रवेश कर लिया और सोने के पांच तथा चांदी के चार गहनों को चुरा लिया। बताया जाता है कि चोरी के बाद जब चोर घर से निकल रहे थे, उसी समय भैयालाल की पत्नी मधुबाला देवी शौचालय से लौट रही थीं। उन्होंने संदिग्ध गतिविधि देख चोरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चोर उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गए।

परिजनों के अनुसार धक्का लगने से मधुबाला देवी को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

Advertisement

इस संबंध में गीता देवी ने खानपुर थाने में तहरीर देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष राजीव पांडे ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक मारपीट में घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।घटना के बाद ग्रामीणों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page