Connect with us

वाराणसी

स्वयंसेविकाओं ने योग के माध्यम से दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। आर्य महिला पी.जी. कॉलेज, वाराणसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ‘A’ एवं ‘D’ द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को दुर्गाकुंड मलिन बस्ती तथा बनकटी हनुमान मंदिर मलिन बस्ती में “योग शक्ति – स्वस्थ नारी, सक्षम नारी” विषय पर स्किल इंडिया के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को स्वयंसेविकाओं के माध्यम से शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक नृत्य “नारी शक्ति का जागरण – योग के संग” से हुई। इसके बाद “योग अपनाओ, नारी को सशक्त बनाओ” और “योग से स्वास्थ्य, नारी का आत्मविश्वास” विषयों पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने योग के महत्व और महिला सशक्तिकरण को सृजनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।

इस दौरान स्वयंसेविकाओं ने “जब नारी करेगी योग, तभी बढ़ेगा समाज का संयोग” विषय पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही नारा लेखन और कविता पाठ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने “स्वस्थ नारी – राष्ट्र की शक्ति” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

भोजनावकाश के बाद आर्य महिला पी.जी. कॉलेज की योग शिक्षिका गीता जी ने स्वयंसेविकाओं को योग के महत्व तथा इसे एक व्यावसायिक कौशल के रूप में अपनाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में योग स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वरोजगार और करियर के लिए भी एक प्रभावी माध्यम बन सकता है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास भी कराया।

Advertisement

कार्यक्रम में लगभग 100 स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ‘A’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वप्ना बंद्योपाध्याय और इकाई ‘D’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता गुप्ता के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अंत में कार्यक्रम अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेविकाओं और मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page