वाराणसी
स्नान के दौरान फिसला पैर, गंगा में डूबने से युवक की मौत
वाराणसी। पंचगंगा घाट पर स्नान के दौरान एक युवक गंगा में डूब गया। बताया गया है कि युवक अपने एक मित्र के साथ वाराणसी घूमने आया था और स्नान के बाद सभी काशी विश्वनाथ धाम दर्शन के लिए जाने वाले थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जहां पैर फिसलने से वह डूब गया।
मृतक की पहचान श्याम कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन क्षेत्र का निवासी था। घटना के समय उसका साथी घाट पर फोटो खींच रहा था। नाविकों के अनुसार दोनों को गहरे पानी में जाने से मना किया गया था, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। डूबते समय आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद करीब आधे घंटे में एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।
एनडीआरएफ (NDRF) ने गंगा में करीब आधे घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। मेडिकल जांच में उसे मृत घोषित कर दिया गया और शव को शवगृह में रखवा दिया गया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के पिता को दे दी है। बताया गया है कि श्याम कुमार ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था और उसके पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
