Connect with us

शिक्षा

स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई समीक्षा बैठक

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने की। बैठक का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल परिवहन को पूरी तरह सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाना रहा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। स्पष्ट कहा गया कि अनफिट या नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को विद्यालय संचालन में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल संचालन से बाहर किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया कि स्कूल वाहन सड़क के किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े न किए जाएं और उनके लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी स्कूली वाहनों के चालक एवं परिचालक के लाइसेंस, चरित्र सत्यापन, फिटनेस, परमिट और बीमा की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।

बैठक में यह भी कहा गया कि वाहन चालकों और परिचालकों को निर्धारित वर्दी पहनना अनिवार्य होगा, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट हो सके। नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों और वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page