चन्दौली
सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

चंदौली। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस की पड़ाव शाखा में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर, विद्यालय ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद किया और भारत के भविष्य को संवारने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध समिति के सदस्यों का स्वागत कर ध्वजारोहण के साथ किया गया। राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के चेहरों पर गर्व और उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था। ध्वजारोहण के तुरंत बाद, देश की एकता और समृद्धि का प्रतीक माने जाने वाले तीन रंगों के मनमोहक गुब्बारों को हवा में भारत के उज्ज्वल भविष्य की आशा का संदेश देते हुए छोड़ा गया।
इसी क्रम में, सदनवार बच्चों के दलों ने हेड ब्वाय एवं हेड गर्ल के नेतृत्व में मार्च पास्ट करते हुए झंडे को सलामी दी। इस उपलक्ष्य पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने विभिन्न मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं, जिसमें देशभक्ति पर आधारित नृत्य, गीत, और कविताओं का मंचन किया गया, जिससे दर्शक भावुक हो उठे।
कक्षा आठवीं की छात्रा नव्या ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और वर्तमान भारत की चुनौतियों और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि कैसे हम सभी मिलकर एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। कक्षा नौवी की नुजैन ने कविता के माध्यम से भारत की विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
विद्यालय परिवार सदा ही अपने हर आयोजन में अपने अभिभावकों को भी आमंत्रित करता है, ताकि वे अपने व्यस्ततम दिनचर्या में से समय निकालकर अपने छात्र जीवन को पुनः जी सकें और प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अपने सुझाव और सक्रिय सहभागिता दे सकें।
विद्यालय के अध्यक्ष दीपक बजाज ने अपने प्रेरणास्पद विचारों को साझा करते हुए कहा कि देशभक्ति सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से प्रमाणित होती है। जो अपने कर्तव्यों को समझ ले वही सही अर्थ में स्वतंत्रता है। उन्होंने भारतीय होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हम प्रगतिशील, कर्मशील, कल्याणकारी, सुसंगठित, भावनात्मक और गौरवशाली भारतीय हैं। हमारी पहचान हमारे संस्कार और हमारी सीमा की सुरक्षा में छुपी है।
इसी क्रम में, विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने विद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर एक सशक्त, स्वच्छ और समृद्ध भारत का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी अपनाने की सलाह दी और कहा कि “स्वतंत्रता दिवस केवल एक छुट्टी का दिन नहीं, बल्कि यह उन बलिदानों को याद करने का दिन है, जिनकी वजह से हमें आजादी मिली। हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए और देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना ने सभी को इस शुभ दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि भारत आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से देश के बंटवारे की त्रासदी को याद कर रहा है। उन्होंने भारत के पुरातन व्यापारिक संबंधों को याद करते हुए ईस्ट इंडिया कंपनी के आगमन और छल को चेताकर स्वदेशी अपनाने की बात पर बल दिया। उन्होंने गर्व से बताया कि हम आक्रमणकारी नहीं वरन् संरक्षक का धर्म निभाते हैं, परंतु अपने देश व सीमा की ओर उठी हर आंख और आवाज़ का प्रत्युत्तर देना बखूबी जानते हैं। हम सौहार्द और एकता की भावना को सुदृढ़ बनाए रखें, जो हमारे देश को एक सूत्र में पिरोकर रखती है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश– डॉ. महेंद्र देव (शिक्षा निदेशक) द्वारा प्रेषित संदेश भी बच्चों के साथ साझा किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कक्षा आठवीं की छात्रा अन्वेषा पाठक एवं अनन्या पाठक ने किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, निदेशक श्यामसुंदर बजाज और गौरांग बजाज, प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना सहित समस्त शिक्षकवृन्द एवं बच्चों की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही।