वायरल
सात साल बाद साइना नेहवाल और पारूपल्ली की राहें हुई अलग

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने पति पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की जानकारी रविवार देर रात दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि बहुत सोचने और विचार करने के बाद हमने यह फैसला लिया है। जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। हम शांति, तरक्की और उबरना चुन रहे हैं। मैं उनके साथ बिताए हर पल के लिए आभारी हूं और उन्हें आगे के जीवन के लिए शुभकामनाएं देती हूं। कृपया हमारी निजता का सम्मान करें।
साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने 14 दिसंबर 2018 को लव मैरिज की थी। दोनों 2005 से एक-दूसरे को जानते थे और 2007 से रिलेशनशिप में थे। उन्होंने हैदराबाद में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। इसके बाद 16 दिसंबर को नोवोटेल होटल, हैदराबाद में रिसेप्शन पार्टी दी थी जिसमें नागार्जुन, रकुल प्रीत, ज्वाला गुट्टा जैसे खेल और फिल्म जगत के बड़े नाम शामिल हुए थे। रिसेप्शन में साइना ने डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी का नीला वेलवेट लहंगा पहना था और कश्यप ने नीली शेरवानी पहनी थी।
हरियाणा की रहने वाली साइना नेहवाल भारत की पहली ओलिंपिक मेडल जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2012 लंदन ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 2015 में वह वर्ल्ड नंबर-1 बनी थीं। उन्होंने 2010 और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल और 2009 में BWF सुपर सीरीज जीतकर इतिहास रचा था। उन्हें 2009 में अर्जुन अवॉर्ड और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न मिला।
पारुपल्ली कश्यप ने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। वह 2012 ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे और 2013 में उनकी वर्ल्ड रैंकिंग नंबर-6 रही। हालांकि, चोटों के चलते वह लंबे समय तक इस पोजीशन पर टिक नहीं सके। कश्यप प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद के स्टूडेंट रह चुके हैं।
साइना और कश्यप के अलग होने की खबर से फैंस दुखी हैं लेकिन दोनों के फैसले का सम्मान कर रहे हैं। फिलहाल साइना अपने करियर की नई चुनौतियों पर फोकस कर रही हैं।