सियासत
सहारनपुर में योगी ने भरी हुंकार, विपक्ष पर करारा प्रहार
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां सहारनपुर में आयोजित बीजेपी की एक चुनावी सभा के दौरान विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया और कहा कि, जनता ने खुद नारा दे दिया है, “जो राम को लाए हैं, हम उनको लायेंगे।”
उन्होंने कहा कि, आज महाराणा सांगा की जयंती है। देश उन्हें नमन कर रहा है। जब महाराणा प्रताप और महाराणा सांगा की बात आती है तो यह स्पष्ट हो जाता है की उन्होंने सत्ता के लिए कभी भी अपना सर नहीं झुकाया। विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी झुके नहीं। महाराणा प्रताप का स्पष्ट कहना था कि, मेरी लड़ाई सत्ता के लिए नहीं है। आज सैकड़ो वर्ष बाद भी लोग उनके धर्म के प्रति उनके त्याग और बलिदान को याद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, आजादी के बाद कई सरकारें आयी और गयी। लेकिन क्या किसी ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की बात की ? यह 18 वीं लोकसभा का चुनाव है। पहले की सरकारें गुंडों – माफियाओं के आगे सर झुका देती थी। लेकिन इस समय जो सरकार है वह गुंडों-माफियाओं को जमींदोज करने वाली सरकार है। किसी से समझौता करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि, जब हनुमान जी संजीवनी बूटी लाने गए थें तो कालनेमी ने भी राम का नाम जपा था।

सीएम योगी ने कहा कि, एक तरफ जातिवाद की राजनीति करने वाले लोग हैं। तो दूसरी तरफ राष्ट्रवाद के समर्थक हैं। एक तरफ तुष्टीकरण करके देश के सामाजिक ताने-बाने को चिन्ह-भिन्न करने वाले लोग हैं। तो दूसरी तरफ ‘एक भारत और श्रेष्ठ भारत’ को मानने वाले हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास चाहते हैं। एक तरफ अपने परिवार और जाति के लोगों को बढ़ावा देने वाले हैं और जिन्होंने गौ तस्करों को खुली छूट दे रखी थी। दूसरी तरफ वह लोग हैं जिन्होंने गौ तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगा दी।
इस बार का चुनाव देश की दिशा बदल देगा और इस बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
