वायरल
सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर्स गिरफ्तार
मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग करके दहशत फैलाने वाले लॉरेंस विश्नोई गैंग के शूटर गुरुग्राम के विक्की गुप्ता और बिहार के जोगेंद्र पाल को मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस ने पश्चिमी कच्छ, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। सलमान के घर के बाहर रविवार को हुई फायरिंग से पहले मिली धमकियों के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात कर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद सलमान खान पहली बार जब घर से बाहर निकले तो उन्हें पूरी सिक्योरिटी के साथ देखा गया।

क्राइम ब्रांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, शूटरों ने कुछ दिन पहले बांद्रा में सलमान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी। पुलिस को संदेह है कि, अनमोल ने फेसबुक पोस्ट डालने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया था। इसके बाद फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाली धमकी भरी फेसबुक पोस्ट गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल ने पुर्तगाल से की थी।
जिसमें उसने लिखा था कि, सलमान खान हमने ये तुम्हें सिर्फ ट्रेलर दिखाने के लिए किया है, ताकि तुम समझ जाओ हमारी ताकत को और मत परखो। यह पहली और आखरी वार्निंग है। इसके बाद गोलियां खाली घर पर नहीं चलेगी। तुमने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील को भगवान मान रखा है। बाकी ज्यादा बोलने की हमें आदत नहीं है। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, गोल्डी बराड़ ग्रुप, काला जठेड़ी ग्रुप।
