अपराध
सलमान खान और जीशान सिद्दीकी को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जीशान और फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी देने वाले 20 वर्षीय युवक मोहम्मद तैय्यब को नोएडा के सेक्टर 39 से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने तैय्यब को हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक मोहम्मद तैय्यब उर्फ गुरफान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का निवासी है, लेकिन वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। उसने जीशान सिद्दीकी और सलमान खान को धमकी देकर उनसे बड़ी रकम की मांग की थी। जीशान सिद्दीकी के पब्लिक रिलेशंस ऑफिस में इस धमकी भरे कॉल के बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में 15 लोग गिरफ्तार

बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बिश्नोई गिरोह के एक गर्गे ने एनसीपी नेता की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि सलमान खान के साथ उनके करीबी संबंधों के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।
