गोरखपुर
सरयू में नहाने गया किशोर लापता, पुलिस और ग्रामीण तलाश में जुटे
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के देवई पीपर गांव में सरयू नदी में नहाने गया एक 14 वर्षीय नाबालिग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। बाद में दोस्तों ने बताया कि वह नहाने के दौरान नदी में डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर तलाश में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवई पीपर निवासी अमन (14) पुत्र शिवसागर मंगलवार शाम तक घर नहीं लौटा। इस पर उसके बाबा रामपदुम समेत परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। आसपास के घरों और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। रात करीब आठ बजे गांव के कुछ लोगों ने जानकारी दिया कि अमन को उसके दोस्तों के साथ शाम करीब चार बजे नदी की ओर जाते देखा गया था।
इसके बाद परिजनों ने उसके साथियों से पूछताछ की। पहले तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती करने पर बताया कि सभी लोग सरयू नदी में नहाने गए थे, जहां अमन गहरे पानी में डूब गया। डर के कारण वे लोग वहां से भाग आए। दोस्तों की निशानदेही पर जब परिजन नदी तट पर पहुंचे तो वहां अमन के कपड़े पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। देर रात तक पुलिस और ग्रामीणों द्वारा रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से दिक्कतें आती रहीं। खबर लिखे जाने तक अमन का कोई पता नहीं चल सका था।
अमन एक निजी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई अंश है, जबकि पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं।
